जब भी आओ पूरी तरह आना,
बड़े प्यार से तिनकें संजोए हैं,
विनती है तुमसे बस न सताना।
गिन रही हूं दिल थाम के धड़कनों को,
बस अब साथ ही आना हँसते-हँसाते,
विनती है ये, मायूस न करना,
नोंक-झोंक से बंधन को बढ़ाते जाना,
और मेरी धड़कनों को यूं ही सहेज लेना।
एक छोटा सा कदम क्या बढ़ाया मैंने आज,
ऐसा लगा मानो सातों समंदर तैर लिया,
खुद ही हंस रही हूं अपनी सुस्ती पर,
जैसे होली दिवाली संग मना लिया।
क्या-कुछ न कर पाती थी मैं,
सोचकर भी हैरान हो जाऊं अब,
घड़ी की सुई के साथ चलने वाली वो मैं,
थक कर देखो कैसे बैठी हूं अब।
न जाने रात दिन कहां बीत जाते हैं,
सुध बुध ही नहीं रही अब,
गिनती हूं पल-पल ऑखें बिछाए,
छोटे छोटे कदमों की आस लगाए हूं बस।
गिन रही हूं सारी हलचल मैं,
तितलियाँ जो झूम रही हैं मेरे अंदर,
एक घरौंदा जो हमने साथ बनाया,
चलो दो तिनके और साथ जोड़ दें अब।
वीणा पे तो राग रचा दी,
बांसुरी में भी तान सजा दी,
बोल लिखकर दि खाए तुमने,
संगीत को अब पूरी कर देना।
ओस की बूंदें छिड़का दी मुझपे,
पर इनसे क्या प्यास बुझेगी,
भरा पूरा संसार बसा दो,
तब जाके ये बात बनेगी।
भरोसा तुम पर अटूट हमारा,
भरोसे की लाज रख लेना,
एक रंग अब अकेला पड़ा है,
तीन रंगों से आंगन रंग देना।
जब भी कोई ख्वाब बुन लेती हूं,
उसी जद्दोजहद में ढल जाती हूं,
न दिन न रात की सुध लेती हूं,
उसी को अपनी हस्ती बना लेती हूं।
इस बार भी कुछ ऐसा हुआ,
कि मैंने उम्मीद ही लगा डाली,
मेरे वजूद ने ही सवाल उठाया,
एक छोटी सी क्या आस लगाई।
ऐसी क्या अर्जी डाली है मैंने,
ऊपरवाला भी बस सोच रहा है,
सुन ले मेरी गुहार बस तू,
दिल भरा है पर सिर झुकाए हूं।
तो जब कभी न हाल बता पाऊं,
और उलझ जाऊं कशमकश में,
उन शब्दों को ही पिरो लेती हूं,
तब जाके दिल ये हल्का हो पाए।